आगरा (उप्र), 14 जून (भाषा) आगरा में सोमवार यमुना नदी में नहाने गये एक बालक की डूबने से मौत हो गयी। मंगलवार को उसका शव मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
एत्माद्दौला थाने के इंसपेक्टर सत्यदेव शर्मा ने बताया कि सोमवार को इस थानाक्षेत्र में चीनी का रोजा के पास खेलते समय एक बालक डूब गया था और चौबीस घण्टे बाद मंगलवार को सुबह बालक का शव यमुना में मिला गया।
पुलिस के अनुसार इस बालक की पहचान हरीपर्वत क्षेत्र के लंगड़े की चौकी के 11 वर्षीय रिषभ के रूप में हुई है। वह सोमवार दोपहर एत्माद्दौला क्षेत्र में चीनी का रोजा पर खेलने गया था। यमुना किनारे खेलने के बाद वह नदी में नहाने चला गया। गहरे पानी में जाने से वह डूब गया।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को उसने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार सुबह फिर से पुलिस ने यमुना में गोताखोरों को लगा दिया। काफी तलाशने के बाद बालक का शव मिल गया।
शर्मा ने बताया कि पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
