ठाणे, 24 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में रविवार को एक झील में तैरते समय 10 वर्षीय एक बालक डूब गया। नगर निगम के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब डेढ़ बजे उपवन झील में हुई।
आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि वर्तकनगर का राज भास्कर चाबुक्सवार अपने दो दोस्तों के साथ तैरने के लिए झील में उतरा था लेकिन गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण वह डूब गया।
उन्होंने बताया कि वर्तकनगर थाना, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, ठाणे आपदा मोचन बल और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लड़के को बाहर निकाला।
अधिकारी ने बताया कि लड़के को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.