scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशओडिशा सिविल सेवा परीक्षा-2023 में 398 अभ्यर्थी सफल, प्रियांशु पाल रहे अव्वल

ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा-2023 में 398 अभ्यर्थी सफल, प्रियांशु पाल रहे अव्वल

Text Size:

भुवनेश्वर, 26 सितंबर (भाषा) ओडिशा लोक सेवा आयोग (ओपीएससी) ने शुक्रवार को राज्य सिविल सेवा परीक्षा-2023 का परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें 144 महिलाओं सहित कुल 398 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की है।

अंगुल के प्रियांशु पाल ने मेरिट सूची में अव्वल स्थान हासिल किया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की गई थी। प्रारंभिक, मुख्य (लिखित) परीक्षा अप्रैल–मई 2025 में और व्यक्तित्व परीक्षण सितंबर में हुए थे।

अनन्या मिश्रा ने दूसरा स्थान हासिल किया और वह शीर्ष 10 की सूची में शामिल होने वाली एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं। तीसरा स्थान शोभन पटनायक ने प्राप्त किया।

ओपीएससी द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उम्मीदवारों का चयन अनंतिम रहेगा, जो अधिकारियों द्वारा उनके मूल प्रमाणपत्रों के सत्यापन पर निर्भर करेगा।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सफल उम्मीदवारों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री माझी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ओडिशा प्रशासनिक सेवा परीक्षा में सफल हुए सभी अभ्यर्थियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। प्रशासनिक सेवा गौरव का विषय है और यह राज्य के विकास पथ में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुझे आशा है कि आप सभी राज्य के विकास के लिए जमीनी स्तर से पारदर्शी, निष्पक्ष और जन-उन्मुख होकर कार्य करेंगे। आपका भविष्य उज्ज्वल हो और मैं आपके व्यावसायिक जीवन में प्रगति की कामना करता हूं।’

पटनायक ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘ओडिशा प्रशासनिक सेवा परीक्षा में सफल हुए सभी अभ्यर्थियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि हर कोई जमीनी स्तर पर लोगों को उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने और उनके जीवन में सुधार लाने के लक्ष्य के साथ सेवा के प्रति खुद को समर्पित करे। मैं सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।’

भाषा

सुमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments