scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशभूस्खलन प्रभावित छातेन से 34 लोगों को निकाला गया

भूस्खलन प्रभावित छातेन से 34 लोगों को निकाला गया

Text Size:

गंगटोक, तीन जून (भाषा) उत्तरी सिक्किम के भूस्खलन प्रभावित छातेन से मंगलवार को 34 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दो एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर 34 लोगों को लेकर सुरक्षित रूप से यहां के निकट पाकयोंग हवाई अड्डे पर उतरे और इसी के साथ निकासी अभियान पूरा हुआ।

उन्होंने बताया कि बचाए गए लोगों में घायल सैन्यकर्मी, उनके परिवार के सदस्य और क्षेत्र में मौजूद पर्यटक शामिल हैं।

इससे पहले छातेन में सेना के एक शिविर के भूस्खलन की चपेट में आने के बाद लापता हुए छह सैनिकों की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 23 कर्मियों का एक दल भेजा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

छातेन में एक सैन्य शिविर के भूस्खलन की चपेट में आने के बाद तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई और छह सैनिक लापता हो गए। भारी बारिश के कारण मंगन जिले के लाचेन कस्बे के पास रविवार शाम सात बजे भूस्खलन हुआ था।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘क्षेत्र में भारी और लगातार बारिश के कारण भयावह भूस्खलन हुआ जिससे तीन जवानों की मौत हो गई। उनकी पहचान हवलदार लखविंदर सिंह, लांस नायक मुनीश ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखड़ा के रूप में हुई है।’’

एक बयान में कहा गया कि कर्मियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चार अन्य सैनिकों को बचा लिया गया है जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।

एनडीआरएफ की टीम निकासी, बचाव और अस्थायी संचार लाइनों की स्थापना में सहायता करेगी।

भाषा शोभना वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments