नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा के लिए अगले महीने होने चुनावों के लिए 8.5 लाख सुरक्षाकर्मियों सहित लगभग 25 लाख कर्मियों को तैनात किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा था कि अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चुनाव हिंसा और प्रलोभन से मुक्त हों तथा प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय या पक्षपात के मतदान कर सके।
निर्वाचन अयोग के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए लगभग 15 लाख मतदान अधिकारी, 8.5 लाख सुरक्षाकर्मी, 40,000 मतगणना कर्मी, 49,000 सूक्ष्म पर्यवेक्षक, 21,000 सेक्टर अधिकारी और मतगणना के लिए 15,000 सूक्ष्म पर्यवेक्षक तैनात किये जाएंगे।
आयोग ने रविवार को घोषणा की कि नौ अप्रैल को असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान होगा जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा।
मतों की गिनती के लिए चार मई की तारीख निर्धारित की गई है।
भाषा धीरज देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
