scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशमुंबई में दही हांडी कार्यक्रम के दौरान 24 ‘गोविंदा’ हुए जख्मी

मुंबई में दही हांडी कार्यक्रम के दौरान 24 ‘गोविंदा’ हुए जख्मी

Text Size:

मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) मुंबई में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी पर दही हांडी समारोह के दौरान कम से कम 24 ‘गोविंदा’ घायल हो गए। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस उत्सव के दौरान दही से भरी मटकी को ऊंचाई पर लटकाया जाता है और मानव पिरामिड बनाकर गोविंदा उसे तोड़ते हैं। जन्माष्टमी के मौके पर पूरे महाराष्ट्र में इस खेल का आयोजन किया जाता है। खेल के दौरान प्रतिभागियों के गिरने और घायल होने की घटनाएं आम बात हैं।

बीएमसी की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि अपराह्न तीन बजे तक मुंबई में दही हांडी खेल में शामिल 24 सदस्य घायल हो गए। उनमें से 19 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पांच गोविंदा को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर है। घायलों में से नौ का इलाज केईएम अस्पताल, पांच का नायर अस्पताल और चार का पोद्दार अस्पताल में उपचार हुआ।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में घोषणा की कि उनकी सरकार ने लोकप्रिय उत्सव दही हांडी को साहसिक खेल का दर्जा देने का फैसला किया है। सरकार के एक आदेश में सभी सरकारी, निगम और जिला परिषद अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को इन आयोजनों के दौरान घायल हुए प्रतिभागियों को मुफ्त इलाज प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments