scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशसाल 2025 में 235.8 करोड़ यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल किया

साल 2025 में 235.8 करोड़ यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने रविवार को बताया कि साल 2025 में 235.8 करोड़ यात्रियों ने मेट्रो का इस्तेमाल किया, जिसमें प्रतिदिन औसतन 64.60 लाख यात्रियों ने सफर किया।

इसके अलावा, आठ मार्च को पिंक और मैजेंटा लाइनों पर दो नए खंडों के उद्घाटन से नेटवर्क का और विस्तार हुआ है और राष्ट्रीय राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

डीएमआरसी ने एक बयान में बताया कि दिल्ली मेट्रो दुनिया के सबसे बड़े चालक रहित मेट्रो नेटवर्क में से एक का संचालन भी करती है।

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट संचार) अनुज दयाल ने कहा, ‘साल 2025 में रिकॉर्ड 235.8 करोड़ यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल किया, जो इस प्रणाली पर यात्रियों की बढ़ती निर्भरता को दर्शाता है और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शहरी गतिशीलता की रीढ़ के रूप में इसकी भूमिका की पुष्टि करता है।’

वर्ष 2024 में, दिल्ली मेट्रो का लगभग 223.5 करोड़ यात्रियों ने इस्तेमाल किया, जिसमें प्रतिदिन औसतन 62.39 लाख यात्रियों ने सफर किया।

डीएमआरसी के बयान के अनुसार, दिल्ली मेट्रो देश का सबसे बड़ा परिचालन मेट्रो नेटवर्क बना हुआ है और भारत की तेजी से विस्तारित हो रही शहरी रेल प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नवीनतम विस्तार के साथ, भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है, जिसमें 26 शहरों में 1,143 किलोमीटर से अधिक परिचालन वाली लाइनों के साथ लगभग 1.15 करोड़ यात्री हर दिन यात्रा करते हैं।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments