scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशमुंबई हवाई अड्डे पर 22 किलो नशीली दवा ‘एटोमिडेट’ जब्त

मुंबई हवाई अड्डे पर 22 किलो नशीली दवा ‘एटोमिडेट’ जब्त

Text Size:

अहमदाबाद, 10 मार्च (भाषा) गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने मुंबई हवाई अड्डे पर एलोवेरा पाउडर के रूप में छिपाकर मलेशिया भेजी जा रही 22 किलोग्राम दवा ‘एटोमिडेट’ जब्त की है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि इस दवा को हवाई माल ढुलाई के जरिए अवैध रूप से निर्यात किया जा रहा था।

यह जब्ती एटीएस द्वारा इस मामले में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद की गई है।

रविवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सूरत निवासी निकुंज गाधिया, चेतन वावडिया और भौतिक पदमनी के रूप में हुई है। एटीएस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुछ लोग दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में इस दर्द निवारक दवा का निर्यात कर रहे हैं, जहां स्थानीय कानूनों के तहत इसे मादक या मन:प्रभावी पदार्थ के रूप में माना जाता है।

एटीएस के अनुसार, विदेशी बाजारों में यह दवा लगभग 4,000 से 5,000 अमेरिकी डॉलर प्रति किलोग्राम में बेची जा रही थी।

‘द लांसेट’ जर्नल की वेबसाइट के अनुसार, एटोमिडेट एक कम समय तक असर करने वाली एनेस्थेटिक दवा है, जिसका हाल के वर्षों में मनोरंजनात्मक उद्देश्यों के लिए दुरुपयोग बढ़ रहा है।

एटीएस ने एक बयान में कहा कि तीनों आरोपियों की कंपनियों के कार्यालयों में तलाशी और निरीक्षण के दौरान एटोमिडेट के खरीद बिलों और स्टॉक रजिस्टरों की जांच की गई, जिससे पुष्टि हुई कि वे इस दवा को गलत लेबल लगाकर और गलत घोषणा करके विदेशों में निर्यात कर रहे थे।

इसके अलावा, गाधिया से पूछताछ में यह बात सामने आई कि 28 फरवरी को उसने हवाई माल ढुलाई के जरिए मलेशिया में 25.5 किलोग्राम कुल वजन के छह पार्सल भेजने की व्यवस्था की थी जिसमें से 22 किलोग्राम एटोमिडेट था।

इन पार्सलों की मुंबई में पुलिस द्वारा जांच की गई, जिसमें एटोमिडेट के होने पुष्टि हुई। इसके बाद दवा को जब्त कर लिया गया। इसमें कहा गया कि उक्त पार्सलों को भेजने से पहले एलोवेरा पाउडर के नमूने के रूप में गलत तरीके से घोषित और गलत लेबल किया गया था।

एटीएस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी बिल तैयार करके, उत्पाद पर गलत लेबल लगाकर और जाली सीमा शुल्क (कस्टम) दस्तावेज जमा कर मुंबई हवाई अड्डे से हवाई माल ढुलाई के माध्यम से दवा का निर्यात किया था।

जांच में सामने आया कि गाधिया ने एलोवेरा पाउडर के रूप में छिपाकर लगभग 50 किलोग्राम एटोमिडेट निर्यात किया था। वावडिया ने मलेशिया और थाईलैंड में ‘जिनोपोल-24 पाउडर’ नामक व्यक्तिगत देखभाल सामग्री के रूप में लेबल लगाकर करीब 50 किलोग्राम दवा भेजी थी, जबकि पदमनी पर भी इसी तरह लगभग 25 किलोग्राम एटोमिडेट निर्यात करने का आरोप है।

एटीएस के अनुसार, थाईलैंड भेजी गई एटोमिडेट पाउडर की एक खेप वहां की पुलिस ने जब्त कर ली थी।

एटोमिडेट पाउडर को कई देशों में नियंत्रित या प्रतिबंधित पदार्थ माना जाता है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments