scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशकेरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट से 13 लोगों की मौत, कई घायल

केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट से 13 लोगों की मौत, कई घायल

Text Size:

त्रिशूर (केरल), 21 अप्रैल (भाषा) केरल के त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड में मंगलवार को एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में कम से कम 13 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि तीन महिलाओं समेत तेरह घायल व्यक्तियों का इलाज कराया जा रहा है।

त्रिशूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने बताया कि इनमें से पांच की हालत गंभीर है और वे 70 प्रतिशत से अधिक जल चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के समय घटनास्थल पर करीब 40 लोगों के मौजूद होने की आशंका है। हादसे में कई लोग झुलस गए और इनमें से कई की हालत गंभीर है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा एक ‘शेड’ में हुआ जहां मंदिर देवस्वओम की ओर से त्रिशूर पूरम पर्व के लिए पटाखें तैयार किए जा रहे थे। त्रिशूर पूरम पर्व 26 अप्रैल को है।

अस्पताल के प्राधिकारियों ने बताया कि 13 शव प्राप्त हुए हैं, जिनमें क्षत-विक्षत अवशेष भी शामिल हैं।

सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक नियंत्रण कक्ष भी खोला गया है।

टेलीविजन फुटेज में स्थानीय लोगों को राहत और बचाव कार्य में मदद करते हुए देखा गया।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने बचाव और राहत कार्यों को समन्वित तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मुख्य सचिव से बात कर यह निर्देश दिया कि यदि आवश्यकता हो, तो गंभीर रूप से झुलसे लोगों के इलाज के लिए राज्य के बाहर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी मदद ली जाए।

बयान में कहा गया कि बचाव कार्यों के लिए पुलिस, अग्निशमन एवं बचाव सेवा, स्वास्थ्य, राजस्व व आपदा प्रबंधन सहित सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। स्थिति पर लगातार नज़र रखने के लिए एक विशेष तंत्र भी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने लोगों की मौत पर शोक भी जताया।

राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को विशेष उपचार उपलब्ध कराया जाए और त्रिशूर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज व त्रिशूर सामान्य अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

उन्होंने आपातकालीन प्रतिक्रिया और मरीजों के परिवहन के लिए अतिरिक्त एंबुलेंस, जिनमें ‘कनिव 108’ सेवा की एंबुलेंस भी शामिल हैं, तैनात करने के भी निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हुआ और इसके बाद इलाके में रुक-रुक कर हुए धमाकों के कारण बचाव कार्य में काफी बाधा आई।

धान के खेत के बीच एक सुनसान जगह पर निर्मित कई अस्थायी ‘शेड’ में पटाखें बनाए जा रहे थे।

घटना स्थल पर पहुंचे एक अधिकारी ने बताया कि वहां लगभग 40 श्रमिकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिससे यह संकेत मिलता है कि हादसे के समय कम से कम इतने लोग वहां मौजूद रहे होंगे। यह माना जा रहा है कि कुछ कर्मचारी मामूली जख्मों के साथ सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।

वडाकनचेरी नगर पालिका के अध्यक्ष पी. एन. सुरेंद्रन ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि धमाके अभी भी जारी हैं, जिसके कारण लोग उस क्षेत्र के करीब नहीं जा पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

त्रिशूर के जिलाधिकारी ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।

एक बयान के अनुसार, त्रिशूर के उप जिलाधिकारी को विस्फोट के कारणों और उसके बाद हुए नुकसान की विस्तृत जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल पर कई एकड़ में फैले कई शेड मौजूद थे, जिनमें से कम से कम पांच आग में नष्ट हो गए।

प्रभावित लोगों में अधिकांश मुंडाथिक्कोड और आसपास के कुंदन्नूर क्षेत्रों के निवासी हैं।

त्रिशूर के जिलाधिकारी ने इस घटना की मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश दिए हैं और उपजिलाधिकारी को विस्फोट के कारणों तथा उसके बाद की स्थिति की विस्तृत जांच का जिम्मा सौंपा है।

एक बयान के अनुसार, राज्य सरकार ने बचाव और संबंधित कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की मंजूरी दी है।

सूत्रों ने बताया कि बचाव अभियान जारी है ।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जानमाल की हानि पर मंगलवार को दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनकी बहन, वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी घटना पर शोक जताया।

केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने फेसबुक पोस्ट में घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि रोजी-रोटी के लिए काम कर रहे आम लोगों के साथ ऐसी त्रासदी होना अकल्पनीय है।

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया।

भाषा राखी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments