रांची, नौ फरवरी (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची से 12 वर्षीय एक लड़की चार फरवरी से लापता है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हटिया के पुलिस उपाधीक्षक पी. के. मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गोड्डा जिले की निवासी लड़की डिबडीह के पास गिरजाटोली गांव में अपने चाचा के घर पर रह रही थी।
मिश्रा ने कहा, “लड़की चार फरवरी से लापता है। उसका नाम, उम्र और संपर्क नंबर सहित उसकी तस्वीर विभिन्न स्थानों पर साझा की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण किया जा रहा है।”
पुलिस ने लड़की का पता लगाने संबंधी किसी भी जानकारी देने वाले के लिए 21,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। मिश्रा ने बताया कि लड़की इससे पहले 27 जनवरी को भी लापता हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला था और स्थानीय अभिभावक को सौंप दिया था।
अधिकारी ने बताया कि चार फरवरी को वह सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। पुलिस ने कहा कि नाबालिग का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
