scorecardresearch
Monday, 4 May, 2026
होमदेशहरिद्वार में मगरमच्छ के हमले में 12 साल के लड़के की मौत

हरिद्वार में मगरमच्छ के हमले में 12 साल के लड़के की मौत

Text Size:

हरिद्वार, एक मई (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार सुबह उसका शव नदी से बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले लापता हुए बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने थाने में सूचना दी, जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान नदी किनारे से उसकी साइकिल और चप्पलें बरामद हुईं।

तलाशी अभियान के दौरान बंजारेवाला गांव में पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी में मगरमच्छ के पास बच्चे का शव देखा।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राजा (12) के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, वह एक पत्थर क्रशर के पास खेल रहा था, तभी पानी से मगरमच्छ बाहर आया और उसे पकड़कर नदी में खींच ले गया।

बुग्गावाला के थाना प्रभारी निरीक्षक अंकुर शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चा उस जलाशय के पास खेल रहा था, जहां मगरमच्छों की मौजूदगी है। मामले की आगे जांच की जा रही है।”

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने नदी किनारे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments