बलिया (उत्तर प्रदेश), तीन अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की कक्षा 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने रविवार को इस कांड के सूत्रधार कहे जा रहे एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिले में इस मामले में अब तक 46 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
रसड़ा कोतवाली के निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि प्रश्न पत्र लीक मामले में इस घटना के सूत्रधार किड़िहरापुर स्थित महाराजी देवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक निर्भय नारायण सिंह सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि सिंह ने ही अंग्रेजी का प्रश्नपत्र लीक किया था।
उधर, सिकंदरपुर पुलिस ने भी प्रश्नपत्र लीक मामले में ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक मुनीन्द्र गुप्ता के साथ ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि पिछले बुधवार को यूपी बोर्ड का अंग्रेजी का पर्चा लीक हो गया था, जिसके बाद करीब दो दर्जन जिलों में यह परीक्षा स्थगित कर दी गयी थी। जिले में इस मामले में अब तक 46 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
भाषा सं सलीम शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
