नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस अकादमी से कुल 100 प्रशिक्षु कांस्टेबलों ने शुक्रवार को अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
‘पासिंग आउट’ और शपथ ग्रहण समारोह अकादमी परिसर में उप निदेशक राजबीर सिंह की उपस्थिति में आयोजित किया गया, जो मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रशिक्षुओं ने एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा किया, जिसमें शैक्षणिक, शारीरिक और विशेष मॉड्यूल शामिल थे, जिन्हें राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस संबंधी कर्तव्यों के लिए तैयार करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
अधिकारी के अनुसार, शैक्षणिक घटक में आपराधिक कानून, अपराध विज्ञान, साइबर अपराध और फॉरेंसिक विज्ञान जैसे विषय शामिल थे, ताकि कर्मियों को आवश्यक कानूनी और प्रक्रियात्मक ज्ञान से लैस किया जा सके। शारीरिक प्रशिक्षण मॉड्यूल में निहत्थे मुकाबला , गोलीबारी का अभ्यास, आतंकवाद विरोधी अभ्यास और फिटनेस गतिविधियां शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि विशेष प्रशिक्षण में दंगा नियंत्रण, आतंकवाद से संबंधित स्थितियों को संभालने, आपदा प्रतिक्रिया और हथियारों के संचालन पर ध्यान केंद्रित किया गया।
अधिकारी ने कहा कि अपने कमांडो कोर्स के हिस्से के रूप में, इन कर्मियों को विस्फोटक और आईईडी जागरूकता, घात लगाकर हमला करने और छापेमारी की रणनीति समेत अन्य विषयों में भी प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षुओं के परिवार के सदस्य और अकादमी के अधिकारी समारोह में शामिल हुए।
भाषा नोमान
नोमान दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
