मुंबई, नौ मई (भाषा) महाराष्ट्र भाजपा के नेता किरीट सोमैया की पत्नी ने सोमवार को शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उन्होंने मीडिया में उनके खिलाफ ‘दुर्भावनापूर्ण’ बयान दिया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि डॉ. मेधा सोमैया ने दावा किया कि अप्रैल के मध्य में कथित ”शौचालय घोटाले” के बारे में बात करते हुए राउत ने उनके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण बयान दिए थे। मेधा ने मुलुंड (पूर्व) पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज कराने के दौरान उनके पति किरीट सोमैया और बेटे नील सोमैया भी उनके साथ थे।
शिकायत के अनुसार शिवसेना के राज्यसभा सांसद राउत ने कहा था, ”डॉ मेधा सोमैया और युवक प्रतिष्ठान (एक गैर सरकारी संगठन) 100 करोड़ रुपये के शौचालय घोटाले में लिप्त हैं, पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा डॉ मेधा सोमैया और युवक प्रतिष्ठान के 100 करोड़ रुपये के शौचालय घोटाले की जांच के आदेश देने वाली है।”
मेधा ने आरोप लगाया कि शिवसेना सांसद ने इसके अलावा भी उनके खिलाफ कई अन्य दुर्भावनापूर्ण बयान दिये।
अधिकारी ने बताया कि मेधा सोमैया ने राउत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 503, 506 और 509 के तहत मामला दर्ज करने की मांग की।
भाषा
जोहेब मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
