नयी दिल्ली, 15 जनवरी (भाषा) नेपाल में रविवार सुबह हुए विमान हादसे के लिए मानवीय भूल, विमान प्रणाली में खराबी या पायलट की थकान जिम्मेदार हो सकती है। विमान हादसों की जांच करने वाले एक विशेषज्ञ ने यह बात कही है।
उन्होंने यह भी कहा कि हादसे की असल वजह घटना की विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
यति एअरलाइन का एक विमान रविवार सुबह मध्य नेपाल के पोखरा शहर में हाल ही में शुरू हुए हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान नदी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। काठमांडू से पोखरा जा रहे इस विमान में पांच भारतीयों सहित कुल 72 लोग सवार थे, जिनमें से कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई।
विमान हादसों की जांच करने वाले एक विशेषज्ञ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हादसे के कथित वीडियो में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी घाटी में गिरने से पहले इसके अगले हिस्से को ऊपर की तरफ उठते और फिर पंखों को बाईं तरफ झुकते देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वीडियो से स्पष्ट है कि हादसे के समय आसमान साफ था और मौसम खराब नहीं था। ऐसे में दुर्घटना के पीछे की वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
विशेषज्ञ ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि इस विमान हादसे के लिए मानवीय भूल, विमान प्रणाली में खराबी या पायलट की थकान जिम्मेदार हो सकती है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
