मंडला (मप्र), 24 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मंडला जिले में रविवार को बारातियों से भरी बस के झूलते हुए बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आ जाने से इसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
मनेरी पुलिस चौकी प्रभारी पंकज विश्वकर्मा ने बताया कि दोपहर लगभग 12 बजे बारातियों से भरी हुई बस क्षेत्र के बंजार टोला से नरई कुंडम की ओर जा रही थी। रास्ते में हाईटेंशन लाइन झूलने के कारण बाराती विश्वनाथ सिंह वरकडे (20) बस की छत पर चढ़ा और बांस के सहारे हाईटेंशन तार को ऊपर करने का प्रयास किया, लेकिन हाईटेंशन तार फिसलकर नीचे की ओर आ गई और बस से टकरा गई।
उन्होंने कहा कि घबराहट में विश्वनाथ बस की छत से नीचे कूदा। अर्थिंग मिलने के कारण और बस में करंट प्रवाहित होने के कारण मौके पर ही वह बुरी तरह झुलस गया। उसको बचाने के लिए बस में सवार दूसरा बाराती रामनाथ सिंह वरकडे (55) नीचे कूदा, लेकिन वह भी करंट लगने के कारण झुलस गया।
विश्वकर्मा ने बताया कि आनन-फानन में बस चालक ने बस को आगे बढ़ाया और दोनों को मनेरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां विश्वनाथ को चिकित्सक ने मृत लाया हुआ घोषित कर दिया, जबकि रामनाथ का उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा सं रावत रावत संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
