मेरठ (उत्तर प्रदेश), 24 अप्रैल (भाषा) मेरठ शहर में रविवार को एक युवक की सरेबाजार चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी गई। शहर के पुराने इलाके में हुई इस घटना से सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फिरोज नगर निवासी साजिद (25) किसी काम से ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित इत्तेफाक नगर गया था। इस दौरान पीछे से आए हमलावरों ने साजिद को पकड़ लिया और चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया।
इसके बावजूद साजिद के सड़क से उठने की कोशिश करने पर एक हमलावर ने उसकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।
सरेबाजार हुई इस घटना के दौरान आसपास मौजूद किसी भी व्यक्ति की हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं हुई। सूत्रों ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया,जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि शनिवार को उनके बेटे साजिद का घर में शराब पीने को लेकर चाचा नौशाद, जावेद और शहजाद से झगड़ा हो गया था।
हालांकि बाद में परिवार के लोगों ने देर रात समझौता करा दिया था। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते साजिद की हत्या कर दी गई।
भाषा सं सलीम
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
