scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशमणिपुर के सुरक्षा सलाहकार ने सीआरपीएफ कर्मियों पर हमले के लिए जिम्मेदार समूह को कड़ी चेतावनी दी

मणिपुर के सुरक्षा सलाहकार ने सीआरपीएफ कर्मियों पर हमले के लिए जिम्मेदार समूह को कड़ी चेतावनी दी

Text Size:

इंफाल, 27 अप्रैल (भाषा) मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने बिष्णुपुर जिले में सुरक्षा बलों के एक शिविर पर हमले के लिए जिम्मेदार समूह को शनिवार को कड़ी चेतावनी दी। हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा, ‘‘जिसने भी यह कृत्य किया है उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हम अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और एजेंसियों को गोलबंद कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उग्रवादियों ने शनिवार तड़के मोइरांग थाना क्षेत्र के नारानसेना में आईआरबीएन (इंडिया रिजर्व बटालियन) शिविर पर गोलीबारी की। अंधेरा होने के बावजूद, सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। घायल चार जवानों में से दो ने दम तोड़ दिया।’’

सिंह ने कहा, ‘‘ये सुरक्षा बल इस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए दूर-दराज के स्थानों से आए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज से, हमने असम राइफल्स और सेना सहित सभी सुरक्षा बलों को अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। हम दिन-प्रतिदिन के अभियानों के लिए रणनीति बना रहे हैं। हम अपराधियों को पकड़ने के लिए अपनी जांच में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’

हाल में कांगपोकपी जिले में एक पुल को क्षतिग्रस्त करने वाले आईईडी विस्फोट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिंह ने राष्ट्रीय बुनियादी ढांचे और केंद्रीय बलों पर हमलों पर चिंता व्यक्त की।

सुरक्षा बलों पर हमले को लेकर आश्चर्य व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘हमें ऐसे हमलों की आशंका नहीं थी, खासकर यह देखते हुए कि मेइती और कुकी से संबंधित दोनों उग्रवादी समूह ऐतिहासिक रूप से शांति बनाए रखने में लगे सुरक्षा बलों को निशाना बनाने से बचते रहे हैं।’’

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments