हरिद्वार (उत्तराखंड), 14 अप्रैल (भाषा) बैसाखी के पर्व पर शुक्रवार को लाखों श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ यहां गंगा नदी में डुबकी लगाई।
खुशहाली के इस त्यौहार पर हरिद्वार मे गंगा स्नान करने वालों की भारी भीड़ उमड़ी। भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कङे इंतजाम किये थे।
यहां मुख्य स्नान घाट हर की पौङ़ी पर बृहस्पतिवार आधी रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरु हो गया था जो शुक्रवार को दिन भर जारी रहा। अधिकारियों ने यहां बताया कि शाम सात बजे तक अनुमानत: साढ़े नौ लाख श्रद्धालु गंगा नदी में डुबकी लगा चुके थे।
नयी फसल के काटे जाने की खुशी में मनाए जाने वाले इस त्योहार पर देश भर खासतौर से पंजाब और हरियाणा से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए यहां पहुंचते हैं। यहां गुरु अमरदास जी के गुरूद्वारे और निर्मल पंचायती अखाड़े मे भी बैसाखी का पर्व पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया।
बैसाखी पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आने की सम्भावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कङे इंतजाम किए थे। स्नान व्यवस्था के नोडल अधिकारी तथा नगर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार ने बताया कि स्नान पर्व सकुशल संपन्न हुआ।
कोरोना वायरस के बढ़े खतरे को देखते हुए प्रशासन ने मास्क पहनना अनिवार्य घोषित किया था मगर प्रशासन के किसी दिशा-निर्देश का कोई असर मेला क्षेत्र मे नहीं दिखाई दिया।
भाषा सं दीप्ति दीप्ति आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.