scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशबंगाल विधानसभा के उपाध्यक्ष ने सुप्रियो को विधायक पद की शपथ दिलाई

बंगाल विधानसभा के उपाध्यक्ष ने सुप्रियो को विधायक पद की शपथ दिलाई

Text Size:

कोलकाता, 11 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा के उपाध्यक्ष ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नवनिर्वाचित विधायक बाबुल सुप्रियो को सदन के सदस्य के रूप में बुधवार को शपथ दिलाई। इसी के साथ इस बात को लेकर कई हफ्ते से जारी अनिश्चितता भी खत्म हो गई कि उन्हें कौन शपथ दिलाएगा।

दरअसल राज्यपाल जगदीप धनखड़ इस बात पर अड़े रहे कि वह इस कार्य के लिए विधानसभा उपाध्यक्ष को मनोनीत करने के अपने फैसले को नहीं बदलेंगे।

गायक से नेता बने सुप्रियो पिछले महीने बालीगंज विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्हें विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी ने शपथ दिलाई, जिन्होंने राज्यपाल की उनके और विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी के बीच दरार पैदा करने की कोशिश के लिए आलोचना की।

सुप्रियो ने कहा, ‘‘ऐतिहासिक पश्चिम बंगाल विधानसभा का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह एक नया अनुभव होगा।’’

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रहे सुप्रियो 16 अप्रैल को टीएमसी के टिकट पर विधायक चुने गए, लेकिन उनके शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही। आमतौर पर, विधानसभा के नए सदस्य को शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को नामित किया जाता है, लेकिन धनखड़ ने विधानसभा उपाध्यक्ष को इस कार्य के लिए नामित करने का फैसला किया। सुप्रियो द्वारा अध्यक्ष से उन्हें शपथ दिलाने की अनुमति मांगने के बावजूद राज्यपाल अपने फैसले पर कायम रहे।

विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा, “जब राज्य विधानसभा के अध्यक्ष स्वयं उपस्थित हों तो मैं शपथ नहीं दिलाना चाहता था। अध्यक्ष ने ही मुझे शपथ ग्रहण समारोह संचालित करने के लिए राजी किया। राज्यपाल ने हमारे बीच दरार पैदा करने की कोशिश की।”

बाद में, सुप्रियो ने राज्य के संसदीय कार्य मंत्री पार्थ चटर्जी के साथ बिमान बनर्जी से उनके कक्ष में मुलाकात की।

सुप्रियो ने कहा, ‘‘मुझे जनता की सेवा करने का मौका देने के लिए मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आभारी हूं।”

बालीगंज विधानसभा सीट के लिए 12 अप्रैल को उपचुनाव हुआ था और नतीजे 16 अप्रैल को घोषित किए गए थे।

भाषा नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments