जींद (हरियाणा), 14 अप्रैल (भाषा) जिला पुलिस ने पत्नी के सामने 15 साल की किशोरी को बंधक बनाकर उसके साथ बलात्कार करने के आरोप में एक व्यक्ति और अपराध में सहयोग करने के आरोप में उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी दंपती के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की बंधक बनाने, यौन शोषण करने संबंधी धाराओं और पॉस्को कानून की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बताया कि आठ मार्च को जयवीर ने किशोरी को अपने मकान में बुलाया और कमरे में बंद करके उसके साथ बलात्कार किया।
तहरीर के अनुसार, आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।
किशोरी ने तहरीर में कहा है कि बाद में जयवीर की पत्नी सीमा ने उसे फोन करके अपने घर बुलाया, जहां आरोपी ने अपनी पत्नी के सामने उसके साथ बलात्कार किया।
महिला थाना की जांच अधिकारी प्रेम कुमारी ने शुक्रवार को बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.