scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशनाटिका विवाद: पुलिस ने सात छात्रों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया

नाटिका विवाद: पुलिस ने सात छात्रों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया

Text Size:

बेंगलुरु, 14 फरवरी (भाषा) पुलिस ने यहां एक विवादास्पद नाटिका के सिलसिले में जैन विश्वविद्यालय के सात छात्रों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। नाटिका में कथित रूप से जातिवादी सामग्री का प्रदर्शन किया गया था।

गत आठ फरवरी को निमहांस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक कॉलेज उत्सव में छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटिका में कथित रूप से बीआर आंबेडकर और दलितों का मजाक उड़ाने वाले आपत्तिजनक संदर्भ थे, जिसका एक हिस्सा सोशल मीडिया पर आ गया।

पुलिस ने इस मामले में सोमवार को प्रबंधन संकाय के डीन एवं निदेशक (प्रवेश), तथा कार्यक्रम समन्वयक और सात छात्रों को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में पुलिस ने कहा कि समाज कल्याण विभाग, बेंगलुरु दक्षिण के अधिकारियों की शिकायत के बाद भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले के आधार पर संबंधित लोगों की गिरफ्तारी की गई।

सूत्रों के मुताबिक, छात्रों ने पुलिस से कहा कि उनका आंबेडकर या किसी का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह नाटिका उन्हें मुसीबत में डाल देगी।

विश्वविद्यालय ने छात्रों को निलंबित कर दिया है और नाटिका के लिए बिना शर्त माफी मांगी है।

इसने एक बयान में कहा कि जैन विश्वविद्यालय ‘संविधान के जनक’ का सम्मान करता है और अनंतकाल तक इसे बनाए रखेगा। बयान में कहा गया, ‘जैन विश्वविद्यालय अपने छात्रों द्वारा प्रस्तुत की गई नाटिका से आहत सभी लोगों से बिना शर्त माफी मांगता है।’

भाषा

नेत्रपाल दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments