कोलकाता, 24 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय में रविवार को स्वास्थ्य कारणों से पेश नहीं हुए। लेकिन उन्होंने कहा कि वह अपने आवास में सीबीआई के सवालों का सामना करने को तैयार हैं।
मंडल के करीबी सूत्रों ने बताया कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद तृणमूल कांग्रेस की बीरभूम जिला इकाई के अध्यक्ष अपने कोलकाता स्थित फ्लैट में पूछताछ के लिए तैयार हैं।
एक सीबीआई अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ मंडल ने सूचित किया कि वह खराब स्वास्थ्य की वजह से हमारे निजाम पैलेस कार्यालय में आने में अक्षम हैं। उन्होंने अपने फ्लैट पर पूछताछ करने की सहमति दी है।’’
मवेशी तस्करी के मामले में सीबीआई ने पूछताछ के लिए मंडल को समन किया था, लेकिन वह शनिवार को भी एजेंसी के कार्यालय नहीं गए और स्वास्थ्य आधार पर पेश होने के लिए चार हफ्ते का समय देने का सीबीआई से अनुरोध किया।
सूत्रों के मुताबिक मंडल को डॉक्टरों ने अगले दो से तीन सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है।
मंडल को 17 दिनों तक भर्ती रहने के बाद शुक्रवार शाम को सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से छुट्टी दी गई थी।
सीबीआई ने मंडल की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति का पता लगाने के लिए चिकित्सकों की एक टीम बनाई है।
मंडल पहले भी कई बार स्वास्थ्य समस्या और चुनाव संबंधी कार्य का हवाला देकर सीबीआई के सामने पेश नहीं हुए हैं।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
