गुमला, 23 अप्रैल (भाषा) झारखंड के गुमला जिले में चौनपुर प्रखंड के बुकमा गांव में 50 साल की सुमित्रा देवी ने डायन होने के शक में कुल्हाड़ी से वार कर अपने जेठ और जेठानी की हत्या कर दी । वारदात के बाद महिला ने थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
गुमला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिरिल मरांडी ने आरोपी महिला के हवाले से बताया कि उसके बच्चे काफी दिन से बीमार चल रहे थे, और उसे शक था कि उसके जेठ और जेठानी डायन हैं और उन्होंने ही बच्चे को बीमार कर दिया है । मरांडी ने बताया कि इस कारण वह गुस्से में थी और शुक्रवार की रात उसने दोनों की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि मरने वाले की पहचान लुंदरा चीक बड़ाईक और उसकी पत्नी फूलमा देवी के रूप में की गयी है ।
गांव के लोगों ने बताया कि शुक्रवार को लुंदरा चीक बड़ाईक व फूलमा देवी ने गांव में कहा था कि सुमित्रा देवी उन्हें डायन कह रही है जिसको लेकर के गांव में बैठक हुई और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई थी लेकिन मामला नहीं सुलझा और विवाद और भी बढ़ गया जिसके बाद दोनों सुरक्षा की गुहार लगाते हुए थाना पहुंचे थे ।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद उन्हें सुरक्षा नहीं मिली और शुक्रवार की रात रात दोनों की हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया और कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सिरिल ने कहा कि हत्या के इस मामले में जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं इन्दु रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
