scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशजम्मू-कश्मीर के कटरा में बस में आग लगी : चार लोगों की मौत, 24 घायल

जम्मू-कश्मीर के कटरा में बस में आग लगी : चार लोगों की मौत, 24 घायल

Text Size:

जम्मू, 13 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटरा इलाके में शुक्रवार को एक बस में आग लग गई जिससे इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। बस में यात्रियों के साथ ही कुछ श्रद्धालु भी सवार थे।

अधिकारियों ने बताया यह बस कटरा जा रही थी और इसी दौरान कटरा से तीन किलोमीटर पहले नोमाई के पास इसमें आग लग गई।

उन्होंने बताया कि माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कटरा आधार शिविर है। अधिकारियों ने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जम्मू संभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मुकेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान घटना में किसी विस्फोटक के इस्तेमाल का संकेत नहीं मिला है, हालांकि, फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों का पता लगा रही है।

जम्मू संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने जीएमसी अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और उनके इलाज के बारे में जानकारी ली।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक ट्वीट में कहा, ‘कटरा में बस हादसे में लोगों की मौत से मैं बेहद दुखी हूं। मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का हरसंभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपराज्यपाल ने कहा कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि और गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे।

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments