scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशगुरुग्राम में कांस्टेबल ने वरिष्ठ महिला पुलिसकर्मी को पीटा, मामला दर्ज

गुरुग्राम में कांस्टेबल ने वरिष्ठ महिला पुलिसकर्मी को पीटा, मामला दर्ज

Text Size:

गुरुग्राम, 14 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम में बलात्कार के मामले की शिकायतकर्ता से बात करते समय किसी भी तरह की टोकाटाकी से मना करने पर एक कांस्टेबल ने कथित तौर पर एक वरिष्ठ महिला पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात सेक्टर 37 थाने में सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) पूनम और कांस्टेबल प्रवेश के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक, एएसआई ने कांस्टेबल से बलात्कार के मामले की शिकायतकर्ता से बात करने के दौरान दखल न देने को कहा।

उन्होंने बताया कि बात बढ़ गई और उनके बीच मारपीट होने लगी। कांस्टेबल ने एएसआई को जान से मारने की धमकी भी दी लेकिन मौके पर मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग कर दिया।

घटना के बारे में जब वरिष्ठ अधिकारियों को पता चला तो एसीपी रैंक का एक अधिकारी थाने पहुंचा और उनसे पूछताछ की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सेक्टर 37 की थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सुनीता को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया है और निरीक्षक अमन बेनीवाल को एसएचओ नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को एएसआई पूनम ने प्रवेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सेक्टर 10-ए पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच चल रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

भाषा जितेंद्र जितेंद्र वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments