श्रीनगर, 28 अप्रैल (भाषा) कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों ने अलग अलग मुठभेड़ों में इस साल अबतक 62 आतंकवादियों को ढेर किया है जिनमें 15 विदेशी दहशतगर्द थे। वे विभिन्न संगठनों से जुड़े थे।
कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने बताया कि मारे गए 62 आतंकवादियों में से 39 लश्कर-ए-तैयबा से थे और 15 जैश-ए-मोहम्मद के थे।
उन्होंने ट्विटर पर बताया कि इसके अलावा हिज़्बुल मुजाहिदीन के छह व अल बद्र के दो दहशतगर्दों को भी ढेर किया गया है।
घाटी के पुलिस प्रमुख ने कहा कि 62 में से 47 आतंकवादी स्थानीय जबकि 15 विदेशी थे।
कुमार ने कहा कि मानव और तकनीकी निगरानी बढ़ाने एवं केंद्रित अभियान की वजह से आतंकवादियों के जीवित रहने की दर तेजी से घटी है।
उन्होंने कहा,“ इस साल अबतक मारे गए 62 आतंकवादियों में से 32 को आतंकवाद में शामिल होने के सिर्फ तीन महीने के अंदर ही उन्हें ढेर कर दिया गया था।”
भाषा नोमान मनीषा उमा
उमा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
