(आसिम कमाल)
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम वीरप्पा मोइली ने रविवार को दावा किया कि कर्नाटक में ‘‘बदलाव की हवा’’ बह रही है और उनकी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में कम से कम 130 सीट मिलेंगी।
मोइली ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए दक्षिण भारत में प्रवेश के द्वार ‘‘पूरी तरह से बंद’’ हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने केंद्र में सरकार के गठन में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनावों में जीत 2024 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री मोइली ने ‘पीटीआई-भाषा’ से एक साक्षात्कार में दावा किया कि कांग्रेस को 224 सदस्यीय विधानसभा में 130 से कम सीटें नहीं मिलेंगी, जबकि भाजपा 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनावों में 60 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
उन्होंने जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) पर भाजपा के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया और कहा कि लोग पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले संगठन की ‘‘अवसरवाद की राजनीति’’ को खारिज कर देंगे।
मोइली ने कहा, ‘‘बदलाव की हवा कांग्रेस के पक्ष में बह रही है। भाजपा की हालत खराब है। भाजपा कार्यकर्ताओं में कोई एकता नहीं है और टिकट न मिलने से नाराज उसके कई नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस या किसी अन्य दल में जगह ढूंढ रहे हैं।’’
भाषा सिम्मी पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.