मेंगलुरु, 14 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के मत्स्य मंत्री एस. अंगारा ने राजनीति छोड़ने की घोषणा संबंधी अपने बयान से पलटते हुए शुक्रवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार भागीरथी मुरुल्या के लिए प्रचार करेंगे।
अंगारा ने सुलिया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए टिकट से इनकार किए जाने के बाद राजनीति छोड़ने की घोषणा की थी।
दक्षिण कन्नड़ जिले के निर्वाचन क्षेत्र से छह बार के विधायक अंगारा ने सुलिया में पत्रकारों से कहा कि वह सुलिया में पार्टी प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगे।
अंगारा ने कहा कि उन्होंने अपना विचार बदल दिया है और इतने वर्षों में उन्हें दिए गए अवसरों के लिए वह पार्टी के आभारी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सुलिया निर्वाचन क्षेत्र से कई बार चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया गया था। मैं अपने राजनीतिक जीवन में न तो किसी भ्रष्टाचार में लिप्त रहा हूं और न ही किसी के साथ भेदभाव किया है।’’
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.