भोपाल, 28 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया।
पूर्व मंत्री और सात बार के विधायक डॉ गोविंद सिंह को कमलनाथ के स्थान पर कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किए जाने की प्रबल संभावना है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को कमलनाथ को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया गांधी) ने कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) मध्य प्रदेश के नेता पद से आपका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।’’
पार्टी सूत्रों ने बताया कि कमलनाथ ने पार्टी के ‘‘एक व्यक्ति एक पद’’ के सिद्धांत के तहत विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र देने की पेशकश की थी। पत्र में आगे कहा गया है, ‘‘ कांग्रेस अध्यक्ष ने डॉ गोविंद सिंह को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’’
कमलनाथ कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। मध्य प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाषा दिमो अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
