बरहामपुर, 24 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में रविवार को एक बस के पलट जाने से उसमें सवार कम से कम 25 तीर्थयात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुरी से चेन्नई लौट रही इस बस में कुल 50 लोग सवार थे। दुर्घटना में घायल हुए 21 यात्रियों का छतरपुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक गंभीर रूप से घायल हुए चार अन्य लोगों को बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब रंभा इलाके के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर चालक ने बस से अपना नियंत्रण खो दिया। इस इलाके में सड़क को चौड़ा करने का कार्य चल रहा है।
गंजाम के जिलाधिकारी विजय अमृता कुलंगे ने कहा कि जिला प्रशासन ने बाकी यात्रियों के लिए एक बस की व्यवस्था की, लेकिन यात्रियों ने सोमवार को ट्रेन से ही यात्रा करने को प्राथमिकता दी है।
भाषा रवि कांत वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
