scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशउप्र में भीषण तपिश से बेहाल रहे लोग : कई स्थानों पर पारा 45 डिग्री के पार

उप्र में भीषण तपिश से बेहाल रहे लोग : कई स्थानों पर पारा 45 डिग्री के पार

Text Size:

लखनऊ, 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश शुक्रवार को जबरदस्त तपिश के दौर से गुजरा और कई स्थानों पर दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

भीषण तपिश और लू की वजह से प्रदेश के अनेक जिलों में जनजीवन खासा प्रभावित रहा। दोपहर में सड़कों पर आमतौर पर सन्नाटा रहा और खुले में काम करने वाले लोग जबरदस्त गर्मी से बेहाल रहे।

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा झांसी में पारा पिछले करीब एक दशक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 47.6 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंच गया।

कानपुर में दिन का तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में 46.6 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस, उरई में 46 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस भयंकर तपिश से हाल फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश में कई स्थानों पर ताप लहर (लू) चलने की संभावना जताई है।

भाषा सलीम नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments