scorecardresearch
Thursday, 27 June, 2024
होमदेशअसम को ‘बाढ़ मुक्त राज्य’ बनाने का वादा कर विश्वासघात किया गया: खरगे

असम को ‘बाढ़ मुक्त राज्य’ बनाने का वादा कर विश्वासघात किया गया: खरगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर के इस प्रदेश को बाढ़ मुक्त बनाने का वादा किया, लेकिन राज्य की जनता के साथ विश्वासघात किया गया।

उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में हर मुद्दे पर झूठ, फरेब और विश्वासघात की राजनीति की है।

असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को भी गंभीर बनी हुई है और प्रमुख नदियों में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ से विभिन्न जिलों के चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। 15 जिलों में लाखों लोग प्रभावित हैं और अब तक 36 लोगों की जान जा चुकी है। कांग्रेस पार्टी असम के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ी है। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। हम उम्मीद करते हैं कि मोदी सरकार और असम सरकार प्रभावित लोगों को शीघ्र सहायता, राहत और मुआवजा प्रदान करेंगी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि असम को ‘‘बाढ़ मुक्त राज्य’’ बनाने के ‘‘डबल इंजन’’ सरकार के वादे के जरिये राज्य के लोगों के साथ पूरी तरह विश्वासघात किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘पिछले 10 वर्षों में हर मुद्दे पर मोदी सरकार ने केवल झूठ, फरेब और विश्वासघात की राजनीति की है।’’

खरगे ने कहा कि भाजपा के कारण भारत को नुकसान हुआ है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी असम में बाढ़ की स्थिति को लेकर चिंता जताई।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम में आई बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त होने की खबरें हैं। अब तक इस आपदा में 36 लोगों की मृत्यु का समाचार दुखद है। राज्य के 19 जिलों के कई लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘राज्य सरकार से अपील है कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत और बचाव कार्य तेज करने के साथ मृतकों के परिजनों को मुआवजा भी दिया जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं से अपील करती हूं कि प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें।

भाषा हक

हक पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments