scorecardresearch
Friday, 28 June, 2024
होमदेशअमर्त्य सेन की ‘हिंदू राष्ट्र’ संबंधी टिप्पणी का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं: भाजपा

अमर्त्य सेन की ‘हिंदू राष्ट्र’ संबंधी टिप्पणी का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं: भाजपा

Text Size:

कोलकाता, 27 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन के इस दावे को अस्वीकार कर दिया कि लोकसभा चुनाव के नतीजों से पता चलता है कि भारत एक ‘हिंदू राष्ट्र’ नहीं है। भाजपा ने कहा कि इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार दुनिया में सबसे अच्छा काम करे तो भी अमर्त्य सेन से उसको सराहना नहीं मिलेगी। उन्हें पार्टी के सत्ता में आने से पहले देश की स्थिति का आकलन करना चाहिए था, और इतने वर्षों के बाद वर्तमान स्थिति का भी।’’

सिन्हा ने सेन पर राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को खुश करने के लिए ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं। काश वह चीजों को तटस्थ दृष्टिकोण से देख पाते… भारत के लोगों ने व्यवस्था को दुरुस्त करने, उसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और अर्थव्यवस्था को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों के लिए भाजपा को वोट दिया है। सेन की टिप्पणियों से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता है।’’

नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अमर्त्य सेन ने कहा था कि हाल में हुए लोकसभा चुनाव के नतीजे यह दिखाते हैं कि भारत ‘हिंदू राष्ट्र’ नहीं है।

उन्होंने इस बात पर नाखुशी जतायी कि देश में ‘‘बिना मुकदमा चलाए’’ लोगों को सलाखों के पीछे रखने का अंग्रेजों के शासनकाल का चलन अब भी जारी है और ऐसा चलन कांग्रेस सरकार की तुलना में भाजपा की सरकार में ज्यादा देखा गया है।

सेन (90) ने यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बंगाली समाचार चैनल से कहा, ‘‘चुनाव नतीजे यह दिखाते हैं कि भारत हिंदू राष्ट्र नहीं है।’’

भाषा रवि कांत खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments