गोपेश्वर, 28 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव से कथित तौर पर अपहरण कर ले जायी जा रही एक युवती को राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कब्जे से मुक्त करा लिया ।
अपहरण में शामिल सात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है ।
अपहरण की यह वारदात सोमवार देर सायं गैरी गांव की बतायी जा रही है जहां युवती के परिजनों की शिकायत पर हरकत में आयी नंदानगर तहसील की राजस्व पुलिस ने मंगलवार तड़के ग्रामीणों की सहायता से एक वाहन को रोककर युवती को कथित अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया ।
राजस्व पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवती के भाई और ग्राम प्रधान ने शिकायत की कि समीपवर्ती गांव के कुछ लोग जबरन युवती को अपने साथ वाहन से ले गए हैं । सूत्रों ने बताया कि इस पर तुरंत हरकत में आते हुए राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से उनके वाहन को एक दूसरे वाहन की बैरीकेडिंग के जरिए रोका और युवती को उनके चंगुल से मुक्त किया ।
पुलिस ने मामले में सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
भाषा सं दीप्ति दीप्ति रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
