scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशयुवा कांग्रेस ने मोदी के खिलाफ पिछले बयान भूलने को लेकर सिंधिया की तुलना गजनी से की

युवा कांग्रेस ने मोदी के खिलाफ पिछले बयान भूलने को लेकर सिंधिया की तुलना गजनी से की

Text Size:

ग्वालियर, 14 अप्रैल (भाषा) युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 2008 में आयी फिल्म ‘गजनी’ के मुख्य किरदार की तरह हैं जिसे भूलने की बीमारी थी। उन्होंने कहा वैसे ही सिंधिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपने पिछले बयानों को भूल गए हैं।

सिंधिया के गढ़ माने जाने वाले शहर में श्रीनिवास ने पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि उन्होंने कोरोना वायरस और नोटबंदी जैसे मुद्दों पर मोदी सरकार को आगाह कर दिया था।

गौरतलब है कि सिंधिया मार्च 2020 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने सोमवार को राहुल गांधी के दलबदलू नेताओं के बारे में दिए गए एक बयान का उत्तर देते हुए कहा कि वह अब ‘‘ट्रोल होने तक सीमित’’ हैं।

श्रीनिवास ने बृहस्पतिवार रात को कहा, ‘‘सिंधिया ‘गजनी’ फिल्म के मुख्य किरदार के तरह हैं जो चीजें भूल जाता था। सिंधिया मोदी के खिलाफ दिए गए अपने बयानों और भाषणों को भूल गए हैं।’’

युवा कांग्रेस के नेता ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलने से भारतीय जनता पार्टी डर गई है।

श्रीनिवास ने कहा कि राहुल गांधी एक दूरदर्शी व्यक्ति हैं जिन्होंने सरकार को कोरोना वायरस, नोटबंदी, कृषि कानूनों और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के प्रतिकूल प्रभावों जैसे मुद्दों पर सतर्क कर दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को लोकसभा सदस्य (आपराधिक मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद) के रूप में अयोग्य ठहराकर सरकार ने देश में लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश की है।

श्रीनिवास ने कांग्रेस द्वारा कारोबारी समूह पर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए सवाल किया, ‘‘एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास जारी हैं। अडाणी कंपनी को एलआईसी या एसबीआई से 20,000 करोड़ रुपये कहां से मिले? क्या पीएफ (भविष्य निधि) का पैसा सुरक्षित है?’

हालांकि अडाणी समूह ने इन आरोपों का खंडन किया है।

भाषा सं दिमो अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments