scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेश‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ में बुजुर्गों को विमान से भी यात्रा कराएगी मध्य प्रदेश सरकार

‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ में बुजुर्गों को विमान से भी यात्रा कराएगी मध्य प्रदेश सरकार

Text Size:

भोपाल, 14 अप्रैल (भाषा) मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान नीत सरकार अपनी मौजूदा ‘‘मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना’’ के तहत प्रदेश के कुछ वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क विमान से तीर्थयात्रा पर लेकर जाएगी। भाजपा शासित मध्य प्रदेश में यह कवायद विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले 21 मई से शुरु होगी।

मध्य प्रदेश में 230 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव इस साल के अंत तक होने हैं।

अभी तक योजना के लाभार्थियों को ट्रेनों से विभिन्न धार्मिक स्थलों पर ले जाया जाता है, लेकिन अब इसमें हवाई यात्रा को भी जोड़ा जाएगा।

हालांकि विपक्षी कांग्रेस ने इसपर तंज कसते हुए कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है, बल्कि यह चुनाव से पहले भाजपा सरकार की राजनीतिक नौटंकी है।

अपर मुख्य सचिव (एसीएस), गृह डॉ. राजेश राजोरा ने शुक्रवार को कहा, ‘‘हवाई मार्ग से तीर्थयात्रा भी अब जून, 2012 में शुरू हुई ‘मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना’ का ही हिस्सा होगी।’’

राजोरा ने कहा ‘‘इस योजना के तहत नए कार्यक्रम के अनुसार, 25 जिलों (राज्य में कुल 52 में से) के पात्र लाभार्थियों को 21 मई से 19 जुलाई के बीच हवाई जहाज से विभिन्न गंतव्यों की तीर्थ यात्रा पर ले जाया जाएगा।’

उन्होंने कहा कि लाभार्थी उन्हें आवंटित विभिन्न गंतव्यों के लिए प्रयागराज, शिरडी, मथुरा-वृंदावन और गंगासागर की तीर्थ यात्रा करने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें नियमित सेवा उड़ानों से इन धार्मिक स्थलों पर ले जाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह योजना भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की मदद से लागू की जाएगी। प्रत्येक जिले के लिए कुल 33 सीटें आरक्षित होंगी। इनमें से 32 सीटें लाभार्थियों की होंगी और प्रत्येक उड़ान में एक सीट एस्कॉर्ट ऑफिसर के लिए होगी।

राजोरा ने कहा कि आईआरसीटीसी द्वारा नामित एक टूर मैनेजर भी योजना के लाभार्थियों के साथ जाएगा।

चौहान सरकार की इस फ्लैगशिप योजना के तहत अभी तक हितग्राहियों को ट्रेनों से तीर्थ यात्रा पर ले जाया जाता था।

उन्होंने कहा कि योजना का लाभ उठाने के लिए, लाभार्थियों की आयु 65 वर्ष और उससे अधिक होनी चाहिए और उन्हें आयकर दाता नहीं होना चाहिए। यदि प्रशासन को प्रत्येक जिले के लिए आवंटित कोटा से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

योजना के अनुसार योजना के तहत उड़ानें 21 मई से संचालित होंगी।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मीडिया सेल के प्रमुख केके मिश्रा ने इस कदम को लेकर चौहान सरकार पर निशाना साधा।

मिश्रा ने कहा, ‘यह एक राजनीतिक स्टंट के अलावा कुछ नहीं है। भाजपा सरकार चुनावी वर्ष में मतदाताओं को लुभाने के लिए लॉलीपॉप की पेशकश कर रही है।’

भाषा दिमो अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments