scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशगुजरात: 2007 में पुलिस हिरासत से फरार हुए राकांपा विधायक को 18 महीने की जेल

गुजरात: 2007 में पुलिस हिरासत से फरार हुए राकांपा विधायक को 18 महीने की जेल

Text Size:

राजकोट (गुजरात), 20 अप्रैल (भाषा) गुजरात के राजकोट की एक अदालत ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) विधायक कंधाल जडेजा को हत्या के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद 2007 में पुलिस हिरासत से फरार होने के आरोप में 18 महीने की कैद की सजा सुनाई।

जडेजा के वकील ने कहा, हालांकि गुजरात विधानसभा में राकांपा के एकमात्र विधायक जडेजा फिलहाल जेल से बाहर रहेंगे क्योंकि 2009 में इस मामले में फिर से गिरफ्तारी के बाद वह 19 महीने जेल में बिता चुके हैं। राज्य के पोरबंदर जिले में कुटियाना विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे जडेजा 2012 में पहली बार विधायक बने और 2017 में फिर से चुनाव जीते।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) एस वी मंसूरी की अदालत ने जडेजा को पुलिस हिरासत से फरार होने का दोषी ठहराया और उन्हें 18 महीने जेल की सजा सुनाई और 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया। जडेजा को 2011 में अदालत ने 2005 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षद केशु ओडेदरा की हत्या के मामले में बरी कर दिया था।

जडेजा के फरार होने के मामले में आरोपी कुल 14 लोगों में से एक की सुनवाई के दौरान मौत हो गई, जबकि 12 अन्य को अदालत ने बरी कर दिया। उनके वकील अंश भारद्वाज ने कहा कि अदालत ने जडेजा को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 224 के तहत दोषी ठहराया। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन विधायक जेल नहीं जाएंगे क्योंकि 2009 में गिरफ्तारी के बाद से वह इस सिलसिले में 19 महीने जेल में बिता चुके हैं।’’

उन्होंने कहा कि अदालत ने अपने आदेश के खिलाफ उच्च अदालत में अपील के लिए जडेजा का एक महीने का समय दिया है।

भाषा सुरभि पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments