कोयंबटूर (तमिलनाडु), 29 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु में चर्चित कोडनाड डकैती एवं हत्या मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के निजी सहायक एस पूनगुंद्रन से पूछताछ की।
पूनगुंद्रन कम से कम 15 साल तक जयललिता के निजी सहायक रहे और इस मामले में उनसे पहली बार पूछताछ की जा रही है।
राज्य में 24 अप्रैल 2017 को हुए कोडनाड कांड में सुरक्षा गार्ड ओम बहादुर थापा की हत्या कर दी गई थी और कुछ दस्तावेज चोरी हो गए थे।
राज्य के पश्चिम जोन के पुलिस महानिरीक्षक आर सुधाकर के नेतृत्व में एसआईटी ने पूनगुंद्रन से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। एसआईटी को संदेह है कि जयललिता के बंगले पर हुई घटना के बारे में पूनगुंद्रन अधिक जानकारी दे सकते हैं।
एसआईटी की टीम जयललिता की करीबी सहयोगी वी के शशिकला सहित 200 से अधिक लोगों से इस मामले के संबंध में पूछताछ कर चुकी है और उन्हें रिकॉर्ड किया जा रहा है।
भाषा रवि कांत पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
