अमृतसर, 19 अप्रैल (भाषा) शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने मंगलवार को केंद्र से इस साल जनवरी में राजस्थान के अलवर जिले में एक फ्लाईओवर के नीचे मिली एक दिव्यांग लड़की के मामले की सीबीआई जांच का आदेश देने का आग्रह किया।
धामी ने केंद्र से कहा कि मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग लड़की के मामले की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या किसी अन्य उपयुक्त केंद्रीय एजेंसी द्वारा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि ‘‘सिख लड़की के खिलाफ जघन्य अपराध करने वाले दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए और लड़की को न्याय प्रदान किया जाए।’’
लड़की अलवर में घायल अवस्था में मिली थी और राजस्थान पुलिस ने भी शुरू में इसे बलात्कार का मामला होने की आशंका जताई थी। लेकिन पीड़िता की मेडिकल जांच रिपोर्ट के हवाले से अलवर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बाद में कहा था कि यह बलात्कार का मामला नहीं है।
मामले को लेकर पुलिस के खिलाफ बढ़ती नाराजगी के बीच, हालांकि, राजस्थान सरकार ने जनवरी में ही मामले को सीबीआई को सौंपने का फैसला किया था। हालांकि, यह पता नहीं चल सका कि क्या मामला वास्तव में सीबीआई को सौंपा गया था क्योंकि अलवर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने ‘पीटीआई’ द्वारा बार-बार की गई कॉल का जवाब नहीं दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में, एसजीपीसी अध्यक्ष ने कहा कि ‘‘11 जनवरी, 2022 को राजस्थान के अलवर क्षेत्र में तिजारा फ्लाईओवर के नीचे सिख समुदाय से संबंधित एक दिव्यांग नाबालिग लड़की खून से लथपथ पाई गई थी।’’
धामी ने कहा, ‘‘इस अपराध को हुए चार महीने बीत चुके हैं लेकिन इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।’’
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
