नई दिल्ली: भारत की पहली डिफेंस यूनिकॉर्न कंपनी सागर डिफेंस इंजीनियरिंग ने इस महीने की शुरुआत में अपना अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (UDRHP) दाखिल किया है. लेकिन कंपनी के लिए खतरे की पहली घंटी 18 साल पहले बजी थी, जब पाकिस्तान में ट्रेनिंग पाए आतंकियों ने मुंबई में एक साथ कई जगहों पर हमला किया था.
स्वदेशी, ऑटोनॉमस और मानवरहित सिस्टम बनाने वाली इस डीप-टेक डिफेंस कंपनी के संस्थापक, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर निकुंज पराशर ने कहा, “26/11 ने हमें साफ तौर पर याद दिलाया कि हमारी समुद्री सीमाओं पर कितनी कमजोरियां हो सकती हैं और समुद्र पर बेहतर निगरानी, तैयारी और जवाबी कार्रवाई की कितनी जरूरत है.”
पराशर ने ईमेल से भेजे गए सवालों के जवाब में दिप्रिंट को बताया कि 26/11 के हमलों की भयावहता ने इस बात को भी और मजबूत किया कि जटिल सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए नई तकनीक विकसित करना कितना जरूरी है. खासकर ऐसे हालात में, जहां इंसानों की मौजूदगी मुश्किल या खतरनाक हो सकती है.
उन्होंने कहा, “हमने यह सोचना शुरू किया कि क्या ऑटोनॉमस और मानवरहित सिस्टम ऐसे कुछ मुश्किल काम कर सकते हैं. इससे निगरानी का दायरा बढ़ाने और ऑपरेशन को ज्यादा प्रभावी बनाने में भी मदद मिल सकती है.”
3,412 करोड़ रुपये के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की तैयारी कर रहे पराशर ने 2015 में कंपनी की शुरुआत से लेकर अब तक के सफर पर बात की. अब कंपनी 2 अरब डॉलर से ज्यादा के वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर चल रही है.
पराशर ने कंपनी के प्रस्तावित IPO के पीछे की सोच समझाते हुए कहा कि जैसे-जैसे किसी कंपनी की क्षमताएं बढ़ती हैं, उसके सामने सवाल भी बदलने लगते हैं. उन्होंने कहा, “आप मैन्युफैक्चरिंग के बुनियादी ढांचे, संगठन की मजबूती, कामकाज के नियमों और लंबे समय तक अपने काम को जारी रखने की क्षमता के बारे में ज्यादा गंभीरता से सोचने लगते हैं.”
पराशर ने कहा, “शेयर बाजार में उतरने का हमारा प्रस्ताव इसी बड़े बदलाव का एक हिस्सा है.” उन्होंने बताया कि कंपनी की शुरुआत का विचार उन्हें मर्चेंट नेवी में काम करने के दौरान आया था. उनके मुताबिक, इस अनुभव ने उन्हें समुद्र और समुद्री सुरक्षा की अहमियत को एक अलग नजरिए से समझने का मौका दिया.
कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस मुंबई में है, जबकि इसका कॉरपोरेट ऑफिस और दोनों मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पुणे के चाकन में हैं. यह कंपनी पानी के ऊपर और नीचे, हवा और जमीन पर काम करने वाले मानवरहित सिस्टम बनाती है.
सागर डिफेंस की शुरुआत 2015 में मुंबई के एक छोटे से ऑफिस से हुई थी, जिसका आकार मुश्किल से 150 वर्ग फुट था. आज कंपनी भारतीय नौसेना को 12 सशस्त्र मानवरहित सतही जहाज दे रही है. कंपनी करीब 21,500 करोड़ रुपये यानी 2 अरब डॉलर से ज्यादा के वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर चल रही है.
कंपनी नए शेयर जारी करके मिलने वाली रकम में से ज्यादातर, यानी 724.78 करोड़ रुपये, आंध्र प्रदेश में देश का पहला ऑटोनॉमस मैरीटाइम शिपयार्ड बनाने पर खर्च करना चाहती है. इसके अलावा, 170 करोड़ रुपये रिसर्च और डेवलपमेंट पर खर्च किए जाएंगे.
‘कंपनी के विकास का अगला चरण’
पराशर ने कहा, “मेरा मानना है कि संस्थाएं समय के साथ विकसित होती हैं और उनके साथ उनकी जिम्मेदारियों का स्वरूप भी बदलता है. शुरुआत में सबसे बड़ी चुनौती यह साबित करना होती है कि किसी तकनीकी विचार को हकीकत में बदला जा सकता है या नहीं.”
उन्होंने कहा कि कंपनी का प्रस्तावित IPO उसके विकास के अगले चरण में मदद करने के लिए है. साथ ही, इससे उन संस्थागत व्यवस्थाओं को भी मजबूती मिलेगी, जिनके आधार पर कंपनी आगे बढ़ेगी.
उन्होंने कहा, “हम समझते हैं कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनी बनने के साथ अपनी अलग जिम्मेदारियां भी आती हैं. हम इस संभावना को पूरी गंभीरता से देख रहे हैं.”
शिपयार्ड
पराशर इस शिपयार्ड को उस सोच का विस्तार बताते हैं, जिस पर कंपनी लंबे समय से काम कर रही है. उनका मानना है कि आधुनिक और जटिल तकनीकों के लिए उतने ही बेहतर बुनियादी ढांचे की जरूरत होती है.
उन्होंने कहा, “ऑटोनॉमस मैरीटाइम सिस्टम को सिर्फ लैब में विकसित नहीं किया जा सकता. इन्हें ऐसे माहौल में बनाना, जोड़ना, टेस्ट करना और बेहतर करना जरूरी है, जो उन वास्तविक परिस्थितियों जैसा हो, जिनमें इनका इस्तेमाल होना है.”
प्रस्तावित ऑटोनॉमस मैरीटाइम शिपयार्ड और सिस्टम डेवलपमेंट सेंटर आंध्र प्रदेश के जुव्वलादिन्ने फिशिंग हार्बर में स्थित है.
पराशर के मुताबिक, प्रस्तावित 22 एकड़ के मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी कैंपस का मकसद ऑटोनॉमस मैरीटाइम प्लेटफॉर्म के निर्माण, असेंबली, उन्हें जोड़ने, टेस्टिंग और उनके पूरे जीवनकाल तक जरूरी सहायता उपलब्ध कराना है.
इसके अलावा, इसके पास ही विकसित किए जा रहे समुद्र तट के बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल जहाजों को संभालने, उनकी टेस्टिंग, उन्हें पानी में उतारने, वापस लाने और ऑपरेशन से जुड़ी सहायता देने के लिए किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि समुद्र तट से जुड़ा निर्माण कार्य चल रहा है. हालांकि, UDRHP-I (अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस-I) दाखिल किए जाने की तारीख तक मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी कैंपस का निर्माण शुरू नहीं हुआ था. इस प्रोजेक्ट पर अलग-अलग चरणों में काम किया जा रहा है. प्रस्तावित कैंपस का निर्माण जरूरी मंजूरियों, तय समयसीमा और ऑफर डॉक्यूमेंट में बताई गई दूसरी चुनौतियों पर निर्भर करेगा.
पराशर ने कहा, “हम इस प्रस्तावित सुविधा को मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और ऑटोनॉमस मैरीटाइम सिस्टम के लिए जरूरी इंजीनियरिंग, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग के बुनियादी ढांचे में निवेश के तौर पर देखते हैं.”
GENISYS और मातंगी
GENISYS, मातंगी और कंपनी के ऑटोनॉमस बोट स्वॉर्म प्रोग्राम के बारे में पूछे जाने पर पराशर ने कहा कि इन सभी प्रोग्राम के मकसद अलग-अलग हैं, लेकिन इनकी तकनीक के पीछे सोच एक जैसी है.
उन्होंने कहा, “GENISYS हमारा खुद का विकसित किया हुआ सेल्फ-लर्निंग ऑटोनॉमस ऑपरेटिंग और कमांड-एंड-कंट्रोल सिस्टम है. यह हमारे सभी प्लेटफॉर्म के लिए एक साझा तकनीकी आधार की तरह काम करता है.”
उन्होंने बताया, “यह ऑटोनॉमस नेविगेशन, मिशन की योजना बनाने, अलग-अलग सेंसर से मिलने वाली जानकारी को एक साथ जोड़ने, कई सिस्टम के बीच तालमेल और किसी गड़बड़ी की स्थिति में सुरक्षित तरीके से काम करने जैसी सुविधाएं देता है. यह किसी एक प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं है. इसे जमीन, हवा, पानी की सतह और पानी के नीचे काम करने वाले सभी तरह के ऑटोनॉमस प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया गया है.”
पराशर ने बताया कि कंपनी के ऑटोनॉमस सतही जहाज मातंगी ने 2024 में सागरमाला परिक्रमा पहल के तहत मुंबई से तूतीकोरिन तक करीब 1,500 किलोमीटर की यात्रा अपने आप पूरी की थी. इस दौरान भारतीय नौसेना ने भी सहयोग दिया था.
‘हमारी इंजीनियरिंग की गुणवत्ता’
आगे की योजनाओं के बारे में पराशर ने कहा, “हम उन क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता को और मजबूत करते रहना चाहते हैं, जहां हमने पहले ही काम किया है.”
उन्होंने कहा, “ऑटोनॉमी का क्षेत्र खास तौर पर दिलचस्प है, क्योंकि इसमें इसके इस्तेमाल के नए तरीके लगातार सामने आ रहे हैं. स्मार्ट नेविगेशन, आपस में तालमेल बनाकर काम करने वाले सिस्टम, पानी के नीचे इस्तेमाल होने वाली तकनीक और अलग-अलग परिस्थितियों में ऑटोनॉमस क्षमताओं को जोड़ने के क्षेत्र में अभी काफी काम किया जा सकता है.”
उन्होंने स्वदेशी तकनीक के विकास को बढ़ावा देने वाली संस्थागत योजनाओं की अहमियत पर भी बात की. इनमें iDEX (इनोवेशंस फॉर डिफेंस एक्सीलेंस) और भारतीय नौसेना की SPRINT पहल शामिल हैं.
उन्होंने कहा, “इन कार्यक्रमों में हमारी भागीदारी से हमें तय जरूरतों के हिसाब से काम करने और रक्षा क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के साथ जुड़ने का मौका मिला है.”
पराशर ने कहा, “हमारा यह भी मानना है कि रक्षा और रणनीतिक जरूरतों के लिए विकसित की गई तकनीकों का व्यावसायिक क्षेत्र में भी अच्छा इस्तेमाल हो सकता है.”
उन्होंने कहा कि कंपनी का ध्यान रिसर्च, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को सोच-समझकर बढ़ाने और ऐसी तकनीक विकसित करने पर रहेगा, जो वास्तविक जरूरतों को पूरा कर सके.
यह पूछे जाने पर कि वह सागर डिफेंस को भविष्य में किस मुकाम पर देखना चाहते हैं, पराशर ने कहा, “मैं चाहूंगा कि कंपनी की पहचान उसके बड़े-बड़े लक्ष्यों के बजाय इंजीनियरिंग की गुणवत्ता और भरोसेमंद काम के लिए बने. खासकर तकनीक के क्षेत्र में पहचान समय के साथ अपने काम से बनानी पड़ती है.”
‘तकनीक की जानकारी पर अपनी पकड़’
पराशर ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में ऑटोनॉमी की संभावनाओं को तलाशने से शुरू हुआ यह सफर धीरे-धीरे स्वदेशी तकनीक को डिजाइन और विकसित करने के बड़े इंजीनियरिंग प्रयास में बदल गया.
उन्होंने कहा, “हम हमेशा मानते रहे हैं कि स्वदेशी क्षमता का मतलब सिर्फ देश के भीतर किसी चीज का निर्माण करना नहीं है. इसका मतलब है उस तकनीक को समझना, उसके पीछे के ज्ञान पर अपनी पकड़ बनाना और उसे आगे विकसित करने की क्षमता रखना. आज भी हमारी सोच इसी सिद्धांत से निर्देशित होती है.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: महादेव सट्टेबाजी मामले में चंद्राकर का खुलासा, दिल्ली के वकील पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप