scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमराजनीतिकांग्रेस के नेता अपने विधायकों को संभालने मुंबई के होटल पहुंचे, शरद पवार से मिले उद्धव ठाकरे

कांग्रेस के नेता अपने विधायकों को संभालने मुंबई के होटल पहुंचे, शरद पवार से मिले उद्धव ठाकरे

सुप्रीम कोर्ट से रविवार को ही महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराने की मांग खारिज होने के बाद शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी अपने विधायकों के खरीद-फरोख्त से डरी हुई हैं.

Text Size:

नई दिल्ली : शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी की सुप्रीम कोर्ट से रविवार को ही महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की मांग खारिज होने के बाद अब ये पार्टियां खरीद-फरोख्त के डर से अपने विधायकों को होटलों में संभालने में जुटी हैं. इस बीच कांग्रेस के बड़े नेता होटल जेडब्लू मैरिएट में विधायकों से मिलने पहुंचे हैं. वहीं शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एनसीपी चीफ शरद पवार से मुलाकात की है.

इस बीच मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में कांग्रेस के सीनियर और राष्ट्रीय नेता अहमद पटेल विधायकों से मिलने पहुंचे हैं. जहां पर पहले से ही अशोक चाह्वाण, बालाासहेब थोराट, सुशील कुमार शिंदे और मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद हैं.

शरद पवार, उद्धव ठाकरे ने एक रिजॉर्ट में की मुलाकात

राकांपा प्रमुख शरद पवार और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने रविवार को उपनगर के उस रिजॉर्ट में मुलाकात की जहां राकांपा विधायक ठहरे हुए हैं.

सूत्रों ने बताया कि पवार से मुलाकात के दौरान शिवसेना अध्यक्ष के साथ वरिष्ठ पार्टी नेता और पुत्र आदित्य ठाकरे भी थे. आदित्य ठाकरे ने पिछले महीने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुंबई की वरली सीट से जीत हासिल की. उन्होंने बताया कि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की उनके विधायकों को एकजुट रखने में मदद कर रही है.

शिवसेना के मजदूर संघों की शहर के कई शीर्ष होटलों में मजबूत मौजूदगी है.

राकांपा विधायकों को दक्षिण मुंबई में वाई बी चव्हाण केंद्र में पार्टी की बैठक में शामिल होने के बाद शनिवार देर रात पवई इलाके के ‘द रिनेसा’ होटल में ले जाया गया.

गौरतलब है कि तीनों पार्टियां सरकार बनाने के लिए बातचीत के अंतिम दौर में ही थी कि तभी नाटकीय घटनाक्रम के तहत शनिवार तड़के राकांपा नेता अजित पवार ने अपनी पार्टी से अलग जाकर भाजपा से हाथ मिला लिए. इसके बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार तड़के भाजपा के देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद की और अजित पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई.

इस बीच, राज भवन में फडणवीस और पवार के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे राकांपा विधायक माणिकराव कोकाटे उसी समय उपनगर के होटल में लौट आए जब शरद पवार रविवार को वहां पहुंचे थे.

राकांपा, कांग्रेस और शिवसेना के विधायक जिन होटलों में ठहरे हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

राकांपा, कांग्रेस और शिवसेना के विधायकों को खरीद-फरोख्त के प्रयास से बचाने के लिए मुंबई के जिन तीन लक्जरी होटलों में ठहराया गया है, उसके बाहर सुरक्षा सख्त कर दी गई है.

भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस द्वारा शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तीनों दलों ने अपने विधायकों के शहर के अलग-अलग होटलों में भेज दिया है. फडणवीस के साथ राकांपा नेता अजित पवार ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के बीच महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए सहमति बनने के तुरंत बाद महाराष्ट्र में यह नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम हुआ.

सूत्रों ने बताया कि राज्य विधानसभा में बहुमत साबित करने से पहले विधायकों की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए कांग्रेस ने अपने विधायकों को जूहू इलाके के जे डब्ल्यू मैरियट होटल में रखा है, जबकि राकांपा ने अपने विधायकों को पवई में दि रिनेसा होटल में रखा गया है.

इसके अलावा शिवसेना के विधायक यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नजदीक ललित होटल में रुके हुए हैं.

राकांपा ने तीन ‘लापता’ विधायकों से संपर्क किया, पार्टी के साथ होने का दावा 

राकांपा ने रविवार को दावा किया है कि शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री के रूप में अजित पवार के शपथ ग्रहण के बाद ‘लापता’ हुए उसके पांच में से तीन विधायक से संपर्क किया गया है और वे पार्टी के साथ हैं.

पार्टी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि रविवार सुबह तक पांच विधायकों- दौलत दरोडा (शाहपुर), नितिन पवार (कलवन), नरहरी झिरवाल (डिंडोरी), बाबासाहेब पाटिल (अहमदपुर), अनिल पाटिल (अमलनेर) के लापता होने की सूचना है.

उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनिल पाटिल, बाबासाहेब पाटिल और दरोडा से संपर्क किया है.

राकांपा के प्रवक्ता नवाब मलिक ने रविवार को अनिल पाटिल के ट्वीट को टैग करते हुये ट्वीट किया, जिसमें कहा गया कि वह (पाटिल) राकांपा का हिस्सा बने रहेंगे और उन्होंने शरद पवार के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया.

share & View comments