मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे मार्ग पर लगभग छह घंटे तक भारी यातायात जाम में फंसी रहीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो पोस्ट में इस घटना का अनुभव बयां किया।
मंगलवार रात मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक फ्लाईओवर के निर्माण स्थल पर नींव की खुदाई में इस्तेमाल की जाने वाली ‘ड्रिलिंग मशीन’ गिर गई, जिससे एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और मुंबई-पुणे मार्ग पर और पूर्वी उपनगरों में भारी यातायात जाम लग गया।
‘इंस्टाग्राम’ पर साझा वीडियो में सोनाली ने सड़क की एक तरफ लगी वाहनों की लंबी कतारें दिखाईं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को अधिकारियों से इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है कि जाम कब खत्म होगा।
सोनाली ने कहा, “हम पिछले पांच घंटे से यहां फंसे हुए हैं। मैं पुणे जा रही हूं। हमने यातायात नियंत्रण टीम को फोन किया, जिसने धैर्य रखने को कहा, क्योंकि भारी जाम लगा हुआ है और उन्हें खुद नहीं मालूम कि यह कब तक खत्म होगा।”
‘दिल चाहता है’, ‘मिशन कश्मीर’ और ‘द गुड रोड’ जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए जानी जाने वाली सोनाली ने कहा कि न तो आगे बढ़ने और न ही पीछे मुड़ने का विकल्प है।
उन्होंने कहा, “हम आगे नहीं बढ़ सकते। हम पूरी तरह से फंस गए हैं और वापस भी नहीं लौट सकते। पुलिस, कृपया अगर आपको कुछ पता हो, तो दूसरी तरफ से आकर हमें बताएं कि क्या आप हमारी मदद कर सकते हैं या कोई जानकारी दे सकते हैं।”
भाषा पारुल संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.