scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअर्थजगतरिलायंस रिटेल ने प्रियंका चोपड़ा के ब्रांड ‘एनॉमली’ का अधिग्रहण किया

रिलायंस रिटेल ने प्रियंका चोपड़ा के ब्रांड ‘एनॉमली’ का अधिग्रहण किया

Text Size:

मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) रिलायंस रिटेल ने बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस के स्वामित्व वाले बालों की देखभाल से जुड़े वैश्विक ब्रांड ‘एनॉमली’ का अधिग्रहण कर लिया है। रिलायंस रिटेल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

हालांकि इस सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया गया है।

कंपनी ने बताया कि उसने ‘एनॉमली’ के ट्रेडमार्क और डिजिटल परिसंपत्तियों का अधिग्रहण किया है और अब इसे अपने ओमनीचैनल रिटेल नेटवर्क तथा सौंदर्य उत्पाद बेचने वाले ऑनलाइन मंच ‘टिरा’ के जरिए विस्तार देने की योजना है।

रिलायंस रिटेल ने बयान में कहा, “यह अधिग्रहण हमारे तेजी से बढ़ते सौंदर्य कारोबार का महत्वपूर्ण विस्तार है और यह भारत और दुनिया में तेजी से बढ़ने वाले उपभोक्ता ब्रांड बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।”

वर्ष 2021 में प्रियंका चोपड़ा द्वारा स्थापित ‘एनॉमली’ उच्च गुणवत्ता वाला बालों की देखभाल से जुड़ा ब्रांड है।

कंपनी ने कहा कि इस अधिग्रहण के बाद ब्रांड की बौद्धिक संपदा और डिजिटल व्यवस्था पूरी तरह रिलायंस रिटेल के पास आ गई है, जिससे इसे अपने व्यापक खुदरा नेटवर्क के जरिए तेजी से विस्तार दिया जा सकेगा।

रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, “एनॉमली को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करना हमारे नए दौर के तेजी से बढ़ते सौंदर्य ब्रांडों के समूह का विस्तार करने की एक रणनीतिक पहल है।”

उन्होंने कहा, “हम प्रियंका चोपड़ा के साथ मिलकर इस ब्रांड को भारत में अपने ‘ओमनीचैनल (ऑनलाइन और ऑफलाइन संयुक्त)’ क्षमताओं और गहरी उपभोक्ता समझ के जरिए विस्तार देने में बड़ी संभावनाएं देखते हैं, साथ ही इसके अंतरराष्ट्रीय विस्तार को भी आगे बढ़ाते रहेंगे।”

प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि वह इस ब्रांड के विकास में क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी और नवाचार, ब्रांड विजन तथा उत्पाद विकास को आगे बढ़ाती रहेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं खासतौर पर ईशा अंबानी के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में मैं ब्रांड के विकास में सक्रिय रूप से जुड़ी रहूंगी।’’

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments