भुवनेश्वर, 29 अप्रैल (भाषा) ओडिशा पुलिस की एक महिला हवलदार उत्पीड़न के एक मामले को लेकर बुधवार को अंगुल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालय के सामने अनशन पर बैठ गई। उसने दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है।
अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में दोनों अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद महिला हवलदार ने अपना इस्तीफा भी भेज दिया था, लेकिन इसे अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है।
एक रिजर्व इंस्पेक्टर और एक फोर्स सेक्शन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए, महिला हवलदार ने बुधवार सुबह अंगुल में एसपी कार्यालय के सामने अनशन शुरू किया।
बाद में, पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर मध्य रेंज) सत्यब्रत भोई ने महिला पुलिस कर्मी को बातचीत के लिए आमंत्रित किया, जिसके बाद उसने अनशन समाप्त कर दिया।
भोई ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि रिजर्व इंस्पेक्टर का तबादला अंगुल से कालाहांडी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भोई ने बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच में हमें संकेत मिला है कि हवलदार की छुट्टी मंजूर करते समय इंस्पेक्टर ने मनमानी की। तदनुसार, एसपी की सिफारिश पर डीजीपी द्वारा तबादला किया गया।’’
इससे पहले, अंगुल जिले में कार्यरत महिला हवलदार ने आरोप लगाया था कि उनके दो वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। हवलदार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें छुट्टी नहीं दी गई और कनिष्ठ कर्मचारियों के सामने अधिकारियों द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
इस आरोप के बाद, अंगुल के एसपी ने एक वरिष्ठ महिला डीएसपी के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की।
भाषा धीरज वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.