scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशरोहित पवार महाराष्ट्र के राज्यपाल से मिले, काला-जादू निरोधक कानून पर सख्ती से अमल करने की मांग की

रोहित पवार महाराष्ट्र के राज्यपाल से मिले, काला-जादू निरोधक कानून पर सख्ती से अमल करने की मांग की

Text Size:

मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता रोहित पवार ने बुधवार को यहां महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात करके उनसे राज्य में काला-जादू निरोधक कानून के प्रभावी अमल सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

पवार ने कहा कि दिवंगत तर्कवादी नरेंद्र दाभोलकर ने काले जादू और अंधविश्वास से जुड़ी प्रथाओं के खिलाफ कानून लाने का दबाव बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह कानून लागू हो चुका है, लेकिन इसका क्रियान्वयन ठीक से नहीं हो रहा है। मैंने राज्यपाल से आग्रह किया है कि वे राज्य सरकार से बात करें ताकि इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।’

‘महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, शैतानी और अघोरी प्रथाओं तथा काला-जादू निवारण एवं उन्मूलन अधिनियम’ के तहत काला-जादू और अंधविश्वास से जुड़ी प्रथाओं को बढ़ावा देना, उनका प्रचार करना या उनका अभ्यास करना एक आपराधिक कृत्य है।

इस कानून के अंतर्गत दोषियों के लिए छह महीने से लेकर सात साल तक जेल और जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

पवार ने कहा, ‘‘हाल ही में स्वयंभू बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसी तरह कई अन्य व्यक्तियों ने भी आपत्तिजनक बयान दिए हैं। मैंने राज्यपाल से आग्रह किया है कि वे एक ऐसा कानून बनाने के लिए जोर दें, जो सरकार को इस तरह की टिप्पणियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार प्रदान करे।’’

कर्जत-जामखेड से विधायक पवार ने पुणे के आईएलएस विधि महाविद्यालय में छात्रों से अत्यधिक शुल्क वसूले जाने का मुद्दा भी उठाया।

पवार ने कहा कि राज्यपाल ने उनकी मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी तथा उन्हें आश्वासन दिया कि वे उन पर गौर करेंगे।

भाषा

प्रचेता संतोष

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments