क्योंझर (ओडिशा), 29 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को 1,330 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की, 25 उन्नत इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अपने गृह जिले क्योंझर में 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ‘अमा बस’ डिपो का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने 251 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 705 करोड़ रुपये की लागत वाली 62 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने क्योंझर के विकास को गति देने के लिए 101 आगामी परियोजनाओं के लिए 375 करोड़ रुपये के पैकेज की भी घोषणा की।
परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए माझी ने कहा कि इस नई ई-बस सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसका किफायती किराया है, जो महज पांच रुपये से शुरू होता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह रोजाना यात्रा करने वाले निम्न और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए बहुत मददगार साबित होगी। सभी बसें पूरी तरह से एसी बसें हैं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और जीपीएस सिस्टम लगे हैं, ताकि यात्री, विशेषकर महिलाएं सुरक्षित तरीके से यात्रा कर सकें।’’
माझी ने कहा कि यह परियोजना महिला सशक्तीकरण के लिए उत्प्रेरक साबित हुई है। उन्होंने कहा, ‘परियोजना के तहत शामिल किए गए 150 लोगों में से 30 महिला गाइड और दो महिला ड्राइवर हैं।’
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्योंझर ने राज्य के विकास में बहुत योगदान दिया है लेकिन कुछ समय से जिले की उपेक्षा की गई है।
उन्होंने कहा कि जिले में एक विशाल इस्पात संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही इसकी आधारशिला रखी जाएगी।
उन्होंने अगले 10 वर्षों को ओडिशा के लिए ‘संकल्प का दशक’ बताया और इस बात पर जोर दिया कि 2036 तक एक समृद्ध राज्य के निर्माण में क्योंझर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाषा शोभना नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.