scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमखेलएसएलसी प्रशासन का कार्यभार संभालेगी श्रीलंका सरकार

एसएलसी प्रशासन का कार्यभार संभालेगी श्रीलंका सरकार

Text Size:

कोलंबो, 29 अप्रैल (भाषा) श्रीलंका सरकार ने बुधवार को देश के क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा और कार्यकारी समिति के इस्तीफे के बाद बोर्ड का प्रशासन अपने हाथ में लेने का फैसला किया।

श्रीलंका क्रिकेट के प्रमुख सिल्वा और अन्य पदाधिकारियों ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने वित्तीय अनियमितताओं के बढ़ते आरोपों के बाद उनके आपसी सहमति से पद छोड़ने का समझौता कराया था।

श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमारा गमागे ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘1973 की खेल कानून की संख्या 25 की धारा 31 और 34 के तहत प्रदान की गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्रीलंका क्रिकेट के सभी प्रशासनिक कार्यों को अस्थायी रूप से खेल मंत्रालय के अधीन लाया जाएगा।’’

उन्होंने इसके साथ ही कहा कि मौजूदा पदाधिकारियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्रीलंकाई क्रिकेट में मौजूदा समस्याओं का समाधान करने और सुधारों को लागू करने के लिए जल्द ही एक अंतरिम समिति गठित की जाएगी।

कार्यकारी समिति की मंगलवार को लगभग तीन घंटे तक चली बैठक के बाद सिल्वा ने इस्तीफा देने का फैसला किया। हालांकि, इस्तीफे के कारणों का खुलासा नहीं किया गया।

श्रीलंका की सरकार खिलाड़ियों की शिकायतों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम के खराब प्रदर्शन को देखते हुए मार्च की शुरुआत से ही सिल्वा को बर्खास्त करने पर विचार कर रही थी।

सिल्वा पिछले सात वर्षों से एसएलसी के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2019 में बहुमत हासिल किया था जबकि 2021, 2023 और 2025 में उन्हें निर्विरोध चुना गया था।

सिल्वा ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने 2025 में जय शाह से यह पद संभाला था।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments