नोएडा (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय लड़की की हत्या के आरोप में बुधवार को उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार आरोपी की पहचान रोही गांव निवासी सुरेंद्र (45) के रूप में हुई है, जिसे आज अदालत में पेश किया जा रहा है।
जेवर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने कहा, ‘‘सुरेंद्र ने 20 अप्रैल को अपनी सौतेली बेटी रिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को यमुना किनारे जंगल में फेंक दिया।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘घटना को छिपाने के उद्देश्य से उसने थाने में किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई।’’
थाना प्रभारी ने बताया कि रिया ज्यादातर अपनी नानी के घर रहती थी और कभी-कभार ही सौतेले पिता के घर आती थी।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच के दौरान पता चला कि रिया ने पूर्व में अपने सौतेले पिता के खिलाफ उस पर गलत नजर रखने का आरोप लगाया था।’’
सिंह ने बताया कि इस संदेह के आधार पर सुरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने रिया की हत्या किए जाने की बात कबलू कर ली।
उन्होंने बताया कि उसकी निशानदेही पर पुलिस ने यमुना किनारे झाड़ियों से किशोरी का कंकाल बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र ने तीन शादियां की थीं और रिया उसकी तीसरी पत्नी तुलसी की बेटी थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा सं
मनीषा खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.