scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमखेलजापान में 2026 सत्र के बाद एशियाई खेल ओलंपिक से पहले वाले साल में हो सकते हैं: रिपोर्ट

जापान में 2026 सत्र के बाद एशियाई खेल ओलंपिक से पहले वाले साल में हो सकते हैं: रिपोर्ट

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) एशियाई खेल 2026 सत्र के बाद विषम संख्या वाले वर्षों में कराए जा सकते हैं जिसका मतलब है कि वे ओलंपिक से एक साल पहले होंगे जिससे कि अधिक खेलों के लिए एक अहम क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के तौर पर काम कर सकें। खबरों में ऐसा दावा किया गया है।

एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के कार्यकारी बोर्ड की बैठक में 21 अप्रैल को चीन के सान्या शहर में इस विषय पर चर्चा हुई। सान्या अभी चल रहे एशियाई बीच खेलों का मेजबान स्थल है।

इस कदम का मकसद इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता ओलंपिक चक्र के साथ अधिक करीब से जोड़ना है क्योंकि ओलंपिक खेल सम संख्या वाले वर्षों में होते हैं। अभी एशियाई खेल ओलंपिक से दो साल पहले होते हैं।

जापान के आइची-नागोया में होने वाले अगले एशियाई खेल तय योजना के अनुसार 19 सितंबर से चार अक्टूबर 2026 तक ही होंगे। कैलेंडर में कोई भी बदलाव अगर मंजूर होता है तो शायद अगले सत्र से लागू होगा जो 2030 में कतर के दोहा में होना है जिसे 2031 में स्थानांतरित किया जा सकता है।

सऊदी अरब की राजधानी रियाद 2034 सत्र की मेजबानी करेगी जबकि भारत ने 2038 सत्र की मेजबानी के लिए आशय पत्र जमा किया है।

‘इनसाइडदगेम्स.बिज’ की एक रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘एशियाई ओलंपिक परिषद ने इस हफ्ते सान्या में एक बैठक के दौरान कैलेंडर में संभावित बदलाव पर चर्चा की। इसका मकसद महाद्वीप के इस प्रमुख टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के निर्देशों के साथ जोड़ना है।’’

खेलों से जुड़ी इस खास वेबसाइट ने कहा, ‘‘अगर यह विचार मंजूर हो जाता है तो यह बदलाव दोहा 2030 एशियाई खेलों से शुरू होगा जिन्हें 2031 तक के लिए स्थगित किया जाएगा।’’

वेबसाइट ने कहा, ‘‘अगर ये खेल सम संख्या वाले वर्षों की जगह विषम संख्या वाले वर्षों में होते हैं जिससे कि ये ओलंपिक से ठीक एक साल पहले हों तो एशियाई खेल सीधे क्वालीफिकेशन का एक मंच या बेहतरीन तैयारी का एक जरिया बन सकते हैं। इससे पेशेवर खिलाड़ी इस बड़ी प्रतियोगिता से ठीक पहले अपनी फॉर्म को परख सकेंगे।’’

अगर एशियाई खेल ओलंपिक से एक साल पहले आयोजित किए जाते हैं तो यह महाद्वीपीय टूर्नामेंट कई खेलों के लिए क्वालीफाइंग प्रतियोगिता का काम कर सकता है जिससे शीर्ष खिलाड़ी इसके प्रति आकर्षित होंगे। अधिक खेलों में ओलंपिक शुरू होने से लगभग एक साल पहले ही क्वालीफाइंग प्रतियोगिताएं शुरू होती हैं।

फिलहाल एशियाई खेलों में 40 से अधिक खेलों के शामिल होने के बावजूद ये हॉकी और भारोत्तोलन जैसे कुछ ही खेलों के लिए क्वालीफायर का काम करता है।

लेकिन ओसीए को एथलेटिक्स के मामले पर विचार करना पड़ सकता है जो किसी भी खेलों का एक प्रमुख और प्रतिष्ठित खेल है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप विषम वर्षों में आयोजित की जाती है, यह दो ओलंपिक के बीच दो बार होती है। इनमें से दूसरी चैंपियनशिप ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग प्रतियोगिता का काम करती है।

अगर एशियाई खेल विषम वर्षों में आयोजित किए जाते हैं तो शीर्ष ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी शायद इसमें हिस्सा नहीं लें क्योंकि वे अधिक प्रतिष्ठित विश्व चैंपियनशिप पर ध्यान केंद्रित करना चाहेंगे।

अन्य महाद्वीपीय खेल जैसे कि पैन अमेरिकी खेल, यूरोपीय खेल और अफ्रीकी खेल ओलंपिक्स से ठीक एक साल पहले आयोजित किए जाते हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments